थाने में तुलसी निकेतन की एक युवती ने तहरीर दी है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि शादीशुदा युवक ने शादी का झांसा देकर उससे रेप किया। वह गर्भवती हो गई है, तो अब उस पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहा है।
युवती इलाके में ही एक रेडिमेड गारमेंट शॉप में काम करती है। उसका आरोप है कि तीन साल पहले पड़ोस में रहने वाले निजी कंपनी में कार्यरत युवक से उसकी दोस्ती हुई। युवक ने उससे शादी का वादा किया और शारीरिक संबंध बनाए।
जब शादी के लिए कहा तो युवक ने धमकाया कि उसका अश्लील एमएमएस बना लिया है, जिसे वायरल कर देगा। इसके बाद से वह तीन साल से उसके साथ रेप करता आ रहा था। युवती के अनुसार, जनवरी में वह गर्भवती हुई, तो उसने युवक पर फिर शादी के लिए दबाव डाला।
युवक गर्भपात के लिए दबाव डाल रहा है। युवती ने रविवार को पुलिस से शिकायत की। इसके बाद से वह और उसके परिजन युवती पर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं।
युवती के साथ इलाके की महिलाएं भी मंगलवार को थाना साहिबाबाद पहुंचीं और कार्रवाई की मांग की। एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जांच की जा रही है।
युवती बोली, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा फिर छोड़ा
युवती ने बताया कि रविवार को शिकायत के बाद तुलसी निकेतन चौकी पुलिस ने युवक को पकड़ लिया था, मगर बाद में उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद से पुलिस भी उस पर समझौते का दबाव बना रही है।