कड़कड़ मॉडल गांव में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ रविवार को लोग सड़कों पर उतर आए। लोगों ने पैदल मार्च निकालते हुए थाना लिंक रोड का घेराव किया। गुस्साए लोगों ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर शराब तस्करों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि कई बार शराब तस्करों को रंगे हाथ पकड़वाने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। हालांकि एसएचओ ने हंगामे के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
कड़कड़ मॉडल के लोग इकट्ठा होकर पैदल मार्च करते हुए थाना लिंक रोड पहुंचे। लोगों ने आरोप लगाया कि कड़कड़ मॉडल में लंबे समय से खुले आम अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। कई बार चौकी, थाने, सीओ और एसएसपी तक से शिकायत कर चुके हैं। लोगों ने 23 मार्च को एक शराब तस्कर को पकड़वाया था। मगर इसके बावजूद अन्य स्थानों पर खुलेआम शराब बेची जा रही है। स्थानीय अधिकारियों से शिकायत करो तो वे कहते हैं कि तस्करों को पकड़कर थाने लाओ तब कार्रवाई करेंगे।
हालांकि थाने पहुंचे लोगों को इंस्पेक्टर उपेंद्र यादव ने कार्रवाई का भरोसा दिया। जिसके बाद लोग शांत हुए। तुरंत फोर्स इलाके में गई और तस्करी के शक में एक महिला को हिरासत में ले लिया। एक खोखे से कुछ शराब भी बरामद की गई। एसएचओ उपेंद्र यादव ने बताया कि महिला उर्मिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उसके पास से 154 पव्वे शराब बरामद की गई है।
पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
ग्रामवासी नीरज रावल ने बताया कि चौकी पर तैनात कुछ पुलिस कर्मचारियों की मदद से यहां शराब तस्करी चल रही है। एसएचओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं की जाती, तो लोग धरना देंगे। इस दौरान कुसुमलता, कांता, रत्नेष, सर्वेश, रजनी, गौतम, आशीष, विनोद, शिव कुमार, संजय आदि लोग मौजूद रहे।