लखनऊ में आतंकी मुठभेड़ और दिल्ली-एनसीआर में कुछ आतंकियों के छिपे होने के इनपुट के बाद गाजियाबाद में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। आईबी और एटीएस ने कुछ आतंकियों के दिल्ली-एनसीआर में छिपे होने का अंदेशा जताया है।
बृहस्पतिवार एसएसपी ने खुद मोर्चा संभाला और भारी पुलिस बल और डॉग स्क्वॉयड के साथ मॉल्स से लेकर चौराहों तक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि लखनऊ में मुठभेड़ के बाद संदिग्ध आतंकी सैफुल्ला के एनकाउंटर के बाद सूचना है कि दो आरोपी वहां से भाग निकले हैं।
इसको लेकर यूपी एटीएस और आईबी ने पूरे प्रदेश को अलर्ट जारी किया है। इसी के चलते बुधवार से लगातार हाईवे, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस, रेलगाड़ियों, कालोनियों, फ्लैट्स आदि सब जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को भी इसी कड़ी में जिले के सभी मॉल्स-मल्टीप्लेक्स में चेकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी ने सीओ सेकेंड मनीष मिश्र के साथ मिलकर आरडीसी स्थित गौड़ मॉल में चेकिंग की। इस दौरान डॉग स्क्वॉयड भी मौजूद रहा।
सीओ सेकेंड ने कहा कि हर संदिग्ध युवक से उसकी आईडी देखकर पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है क्योंकि थोड़ी सी कोताही होली के साथ मतगणना के दौरान स्थिति खराब कर सकती है।
खुफिया तंत्र को मजबूत कर रही है पुलिस
सीओ सेकेंड ने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश के लिए जिले के खुफिया तंत्र को सजग रहने के आदेश दे दिए हैं। पुलिस ने मुखबिरों से कहा कि उन्हें जैसे ही किसी संदिग्ध युवक की भनक लगे तो वह पुलिस को तत्काल उसकी जानकारी दें।
सीओ सेकेंड ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में खुफिया विभाग और क्राइम ब्रांच को भी अलर्ट कर दिया गया है। दोनों ही टीम अपने स्तर से आतंकवादियों की तलाश में जुटेंगी।