डूंडाहेड़ा कालोनी में बुधवार तड़के चार नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर डेयरी संचालक राजीव को बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाश तीन भैंसें और 20 हजार रुपये लूटकर ले गए। इस संबंध में विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
राजीव पुत्र खेमचंद डूंडाहेड़ा कालोनी में ग्रामीण बैंक के पास परिवार के साथ रहते हैं। वह साउथ साइड औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। साथ ही वह घर के पास एक मकान में दूध की डेयरी चलाते हैं। राजीव ने बताया कि मंगलवार रात वह घर से खाना खाकर डेयरी चले गए।
बुधवार तड़के करीब तीन बजे वह डेयरी में सो रहे थे, इसी दौरान चार बदमाश आए और उन्हें जगाकर उनके हाथ बांध दिए। एक बदमाश ने उन पर तमंचा तान कर उनकी जेब में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए। बाकी तीन बदमाशों ने डेयरी में बंधी तीन भैंसें ले गए।
उन्हें धमकी दी कि अगर उन्होंने किसी को बताया तो वह उन्हें जान से मार देंगे। लुटेरों के जाने के बाद वह घर पहुंचे और घटना के बारे में परिजनों-पड़ोसियों को बताया। सुबह छह बजे उन्होंने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनसे पूछताछ की और रिपोर्ट दर्ज की।
विजयनगर एसएचओ नीरज कुमार का कहना है कि गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गाड़ी के निशान भी मिले हैं। इससे लगता है कि आरोपी तीनों भैंसों को गाड़ी में ले गए हैं। एसएचओ ने 20 हजार रुपये लूटे जाने से इंकार किया।