मोदीनगर पीएनबी में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में पुलिस के हाथ चार दिन बाद भी हाथ खाली हैं। पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ के लिए उन लोगों के घर दबिश देगी, जिन्होंने एक माह पहले बैंक की शाखा में अपने लॉकर बंद करा लिए थे। साथ ही एक माह पहले लॉकर लेने वाले लोग भी पुलिस की रडार पर हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोदीनगर एसएचओ और आला अधिकारियों ने मोदी मिल कपड़ा शाखा के प्रबंधक अशोक श्रीवास्तव से एक ऐसी रिपोर्ट मांगी है, जिसमें वारदात से एक माह पहले अपने लॉकर्स बंद कराने वाले लोगों का नाम शामिल हों। इसके अलावा एक माह पहले ही लॉकर लेने वाले लोगों की लिस्ट भी पुलिस ने मांगी है। पुलिस लगातार इलाके की सीडीआर भी खंगाल रही है।
बृहस्पतिवार तक पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने तीन हजार से अधिक नंबरों की कॉल डीटेल खंगाली हैं, लेकिन पुलिस को इससे भी कुछ हाथ नहीं लगा है। वहीं आरोपियों की तलाश में मेरठ और मुजफ्फरनगर गई पुलिस की टीम को दो दिनों बाद भी कुछ हाथ नहीं लगा है। एसएसपी हरिनारायण सिंह का कहना है कि पुलिस तकनीकी व्यवस्था के साथ-साथ मुखबिरों की सहायता भी ले रही है।