सिकंदरपुर गांव में एक मैरिज होम के पास सोमवार सुबह मवेशी के अवशेष मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। लोगों ने अवशेष को भोपुरा तिराहे पर रखकर वजीराबाद रोड पर जाम लगा दिया। आरोप था कि आए दिन आसपास इलाके में अवशेष मिलते हैं, पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती।
हंगामे की सूचना पर साहिबाबाद समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की भी हुई। बाद में एसपी सिटी के आश्वासन पर लोग शांत हुए और करीब दो घंटे बाद जाम खोला।सुबह करीब सवा दस बजे सिकंदरपुर गांव के लोगों ने एक मैरिज होम के पास एक मवेशी के अवशेष देखे। यह सूचना इलाके में तेजी से फैल गई।
कुछ ही देर में मुख्य रोड पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, लोग हंगामा करने लगे। इस दौरान हिंदू रक्षा दल के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने अवशेष को भोपुरा तिराहे पर रख जाम लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेष कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को अवशेष नहीं हटाने दिए।
इस दौरान लोगों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की हुई। सीओ इंदिरापुरम अनिल यादव ने लोगों को समझाकर अवशेष को जांच के लिए भिजवाया। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग हटने को तैयार नहीं थे। भीड को उग्र होता देख इंदिरापुरम, लिंक रोड, गाजियाबाद, लोनी समेत कई थानों की पुलिस बुला ली गई।
एसपी सिटी सलमान ताज मौके पर पहुंचे। उन्होंने इलाके में पुलिस चौकी बनाने और पीसीआर की गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और जाम खोला। वहीं, हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी का आरोप है कि यह गौ अवशेष था और इस संबंध में उन्होंने साहिबाबाद थाने में शिकायत दी है।
वजीराबाद रोड पर लोगों के हंगामे के कारण मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया। लोगों ने एक भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया। इससे मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने गाजियाबाद से आने वाले वाहनों को शालीमार गार्डन के अंदर से दिल्ली भेजा।
साथ ही दिल्ली से आने वाले वाहनों को डीएलएफ कालोनी से होते हुए गाजियाबाद रवाना कराया। जाम खुलने के करीब डेढ़ से दो घंटे बाद वजीराबाद रोड की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी।