एनएच-24 स्थित महागुन सोसायटी के एक टावर की 12वीं मंजिल से गिर कर वृद्धा की मौत हो गई है, जिससे हड़कंप मच गया। सूचना कविनगर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।मृतका सूरज मणि (70) पत्नी हरिलाल जायसवाल मूलरूप से शिगरापुर वाराणसी की रहने वाली थीं।
वह एनएच-24 स्थित महागुन सोसायटी में सिद्धि टावर की 13वीं मंजिल पर बड़े बेटे रविकांत के साथ बीते दस सालों से रह रही थीं। रविकांत नोएडा सेक्टर-24 स्थित एक बीपीओ में जॉब करते हैं। रविकांत ने बताया कि उनका छोटा भाई रूपेश जायसवाल अमेरिका में जॉब करता है।
रविकांत का परिवार और रूपेश की पत्नी दीप्ति सोसायटी के सिद्धि टावर की 13वीं मंजिल पर आमने सामने के फ्लैैट में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मां छोटे भाई की पत्नी दीप्ति के साथ रहती थीं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7 बजे उनकी मां संदिग्ध परिस्थितियों में पैर फिसलने के दौरान टावर की 12वीं मंजिल पर जीने की बालकनी से नीचे गिर गईं,
जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।रविकांत ने पुलिस को बताया कि उनके पिता हरिलाल का चार साल पूर्व निधन हो गया था। तब से मां डिप्रेशन में थीं और बीमार रहती थीं। उन्होंने बताया कि बुधवार को उनके पिता की चौथी बरसी थी, जिसे लेकर भी उनकी मां तनाव में थीं। व
हीं, इस संबंध में एसओ कविनगर अवधेश यादव ने बताया कि परिजनों ने महिला की मौत को हादसा बताते हुए लिखित पत्र पुलिस को सौंपा और शव का पोस्टमार्टम न कराए जाने की मांग की, जिसके बाद बिना पोस्टमार्टम शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।