लाइनपार क्षेत्र से पुराने शहर आने-जाने वाले लोगों को करीब एक महीने तक मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। अंडरपास की सड़क निर्माण के चलते सोमवार से इसे ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। अब लाइनपार से पुराने शहर आने-जाने वाले वाहन चालकों को एनएच-24 से या तो लालकुआं की ओर से या नई लिंक रोड से घूमकर आना पड़ेगा।
यानी लोगों को करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर गाजियाबाद आना पड़ेगा।गोशाला अंडरपास से सिर्फ लाइनपार क्षेत्र के लोगों का ही आना-जाना नहीं होता बल्कि गाजियाबाद से नोएडा और दिल्ली जाने वालों के लिए भी यह शार्टकट रास्ता है। दिनभर में करीब एक लाख से ज्यादा लोग इस अंडरपास का इस्तेमाल करते हैं।
ऐसे में सड़क निर्माण के लिए अंडरपास बंद होने से लाखों की आबादी को दिक्कत होगी। एक महीने तक लाइनपार और पुराना गाजियाबाद क्षेत्र दो हिस्सों में बंटा रहेगा। इससे न केवल नौकरीपेशा लोग और रेजिडेंट्स प्रभावित होंगे, बल्कि व्यापारी वर्ग को भी परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। माल मंगाने के लिए उन्हें एनएच-24 का लंबा चक्कर लगाना होगा।
पुराना गाजियाबाद क्षेत्र से नोएडा व प्रताप विहार, विजयनगर, सिद्धार्थ विहार, माता कालोनी, शिवपुरी, गऊपुरी आदि कालोनियों में जाने के लिए लोगों को घंटाघर से लालकुआं और एनएच-24 होकर जाना पड़ेगा। इनके लिए मेरठ रोड तिराहा, नई लिंक रोड, सिद्धार्थ विहार होकर प्रताप विहार, विजयनगर आदि कालोनियों में पहुंचने का विकल्प भी होगा।
इसके अलावा दुपहिया वाहन जस्सीपुरा से सादिक की पुलिया, प्रताप विहार होते हुए भी इन क्षेत्रों में जा सकेंगे। हालांकि कारों के निकलने के लिए यह रास्ता छोटा पड़ेगा। इनसे यहां जाम लग सकता है।अंडरपास की सड़क के निर्माण की मांग स्थानीय पार्षद और रेजिडेंट्स लंबे समय से कर रहे थे। इसको लेकर पार्षद धीरेंद्र यादव, महेश यादव ने धरना भी दिया था।
महापौर अशु वर्मा ने इस सड़क का निर्माण कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था। उन्होंने सड़क निर्माण का प्रस्ताव अवस्थापना निधि के कार्यों में शामिल कराकर मंजूरी भी दिलाई। सोमवार को महापौर अशु वर्मा, स्थानीय पार्षद महेश यादव, धीरेंद्र यादव, देवी सिंह नागर ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण का शिलान्यास किया।
महापौर ने बताया कि सड़क निर्माण पर करीब 30 लाख का फंड खर्च किया जाएगा। अंडरपास में लगे पुराने पत्थरों को उखाड़कर सीमेंटेड रोड बनाई जाएगी। यहां जल निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी। इस दौरान पार्षद बबलू, संतराम यादव, भाजपा नेता प्रेमचंद, लेखराज माहौर, सुरेंद्र नागर, पीतांबर पाल मौजूद रहे।
अंडरपास की सड़क बनाने के लिए ट्रैफिक रोकने का प्रस्ताव करीब एक डेढ़ महीना पहले ट्रैफिक पुलिस को भेजा गया था, लेकिन नई लिंक रोड़ चालू न होने की वजह से परमिशन नहीं मिली थी। अब नई लिंक रोड चालू हो जाने से ट्रैफिक संचालन में बाधा नहीं होगी।
प्रयास किया जाएगा कि 20-22 दिन में सड़क निर्माण पूरा कर अंडरपास को यातायात के लिए खोल दिया जाए। - संजय सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता, नगर निगम