मोदीनगर और मुरादनगर में रविवार को लोग पूरे दिन जाम से जूझे। जाम की विकरालता का अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि काफी दूर तक वाहनों की कतार लगी रही। जाम में फंसे लोगों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी।मोदीनगर कोतवाली के पास रविवार को गाजियाबाद की ओर से आ रहे वाहनों की तादाद बढ़ने से रफ्तार पर ब्रेक लग गई।
देखते ही देखते कोतवाली से गाजियाबाद की ओर करीब आधा किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
जगह ना मिलने से वाहन सड़क पर रेंगते हुए निकले। कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा ने बताया कि छुट्टी होने के कारण गाजियाबाद की ओर से वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम के हालत बने है।
उधर, मुरादनगर में रविवार दोपहर करीब 12 बजेे थाने के पास हाईवे के बीच में आकर सांड़ खड़ा हो गया। इससे वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गई और जाम लग गया। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम में फंसे यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। मजे की बात यह रही कि बीच हाईवे पर खड़े सांड़ को हटाने की जहमत किसी न नहीं उठाई। जाम बढ़ता देख आसपास के लोगों ने सांड़ को हटाया, तब यातायात बहाल हो सका।