शिप्रा सनसिटी में रहने वाली ममता राय से एक जालसाज ने फेसबुक पर दोस्ती की, फिर गरीब बच्चों के लिए स्कूल खोलने का झांसा देकर उनसे 3.65 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस तलाश कर रही है।
थाना इंदिरापुरम पहुंची ममता ने बताया कि जनवरी में क्राइस एडवर्ड नाम के एक व्यक्ति से उनकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद चैट होने लगी। एडवर्ड ने खुद को अमेरिकी नागरिक बताया और भारत में गरीबों के लिए एक स्कूल खोलने की इच्छा जताई। एडवर्ड ने उन्हें बताया कि उसका परिवार सड़क दुर्घटना में मारा गया।
वह अकेला है। आठ मार्च को वह दिल्ली आ रहा है। ममता ने बताया कि वह आठ मार्च को उसे दिल्ली एयरपोर्ट लेने पहुंची। तभी उनके मोबाइल पर दिल्ली के लैंडलाइन नंबर से फोन आया। फोन पर महिला ने बताया कि वह कस्टम विभाग से बोल रही है।
मुंबई एयरपोर्ट पर क्राइस एडवर्ड नाम के एक व्यक्ति को लाखों डॉलर के साथ पकड़ा गया है। एडवर्ड को अगर छुड़वाना है तो बैंक अकाउंट में तीन लाख 65 हजार रुपये जमा करवा दो। महिला ने निजी बैंक के छह अलग अलग अकाउंट्स में रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद भी एडवर्ड से बात नहीं हो सकी।
20 मार्च को फिर से महिला की कॉल आई और छह लाख उसी अकाउंट में जमा करवाने को कहा। जब उन्होंने एडवर्ड से बात कराने को कहा तो महिला ने कॉल काट दी। तब उन्हें शक हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि ठग का फेसबुक अकाउंट डीएक्टिवेट हो गया है। नंबरों को सर्विलांस पर लेकर ठगों की तलाश की जा रही है।