इंदिरापुरम के मंगल बाजार चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने ऑटो का इंतजार कर ही एक महिला का मंगलसूत्र लूट लिया। वारदात जहां हुई वहीं पास में पीसीआर वैन खड़ी थी लेकिन बेखौफ बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।
हालांकि महिला के शोर मचाने पर पुलिस ने पीसीआर वैन बदमाशों के पीछे दौड़ाई मगर बदमाश फरार हो चुके थे। मंगल बाजार चौक के पास लगातार हो रही लूटों से दहशत का माहौल है। खोड़ा कालोनी निवासी संजय सिंह नोएडा के एक एक्सपोर्ट हाउस में कार्यरत हैं।
मंगलवार दोपहर उनकी पत्नी जया देवी बेटे के साथ उसकी कापी-किताब खरीदने इंदिरापुरम के मंगल बाजार चौक के पास आईं थीं। दोपहर करीब सवा एक बजे खरीदारी के बाद वह ऑटो का इंतजार कर रही थीं तभी पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र लूट लिया।
महिला ने बताया कि जहां वारदात हुई, वहां से चंद कदमों की दूरी पर पीसीआर वैन खड़ी थी। वह शोर मचाते हुए बदमाशों के पीछे दौड़ीं तो बदमाश पीसीआर के सामने से ही गली में मुड़कर भाग निकले। शोर सुनकर करीब दो मिनट बाद पुलिसकर्मियों ने पीसीआर वैन बदमाशों के पीछे दौड़ लगाई मगर तब तक बदमाश भाग चुके थे।
पत्नी की सूचना पर संजय भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी और बेटा बहुत डरे हुए थे, जिन्हें वह घर ले गए। उनका कहना है कि अब वक बुधवार को थाना इंदिरापुरम आकर मामले की शिकायत देंगे।
एक सप्ताह पहले ही मंगल चौक के पास हुई थी लूट बीते बुधवार को मंगल बाजार चौक पर ही कलेक्शन एजेंट नीरज शर्मा से बाइक सवार लुटेरों ने करीब साढ़े चार लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस अभी तक उसका खुलासा नहीं कर सकी है।
घटना के बाद वहां पीसीआर तो तैनात कर दी गई। मगर पीसीआर अलर्ट नहीं थी। अलर्ट रहती तो लुटेरे पकड़े जा सकते थे।