राजनगर एक्सटेंशन रोड पर बृहस्पतिवार सुबह कार की टक्कर से हुई युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। जिस कार से हादसा हुआ, वह पूर्व मेयर प्रत्याशी की निकली। परिजनों ने स्कॉर्पियो का नंबर यूपी-14 बीएल 0017 बताकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जो कांग्रेस से पूर्व मेयर प्रत्याशी रहे लालमन लस्सी वाले के नाम पंजीकृत है।
मृतक वैंबे कालोनी निवासी अनिल (28) की पत्नी नीलू ने बताया कि वह लोग मूलरूप से गांव मंधपुर, बादशाहपुर जिला जौनपुर के रहने वाले हैं। अनिल दिल्ली में एक व्यापारी की कार चलाते थे। नाइट ड्यूटी कर बृहस्पतिवार सुबह सात बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे।
करहेड़ा पुल से यू-टर्न लेकर वैंबे कालोनी की ओर मुड़ते समय तेज रफ्तार स्कार्पियो कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत गई और कार चालक भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने स्कॉर्पियो का नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने देर रात थाना सिहानी गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसएचओ अवनीश दीक्षित ने बताया कि पुलिस को कार के नंबर की जांच में पता चला कि इस नंबर की स्कॉर्पियो कार कांग्रेस नेता और पूर्व मेयर प्रत्याशी लालमन लस्सी वाले की है। कार कब्जे में ले ली गई है। कार लालमन लस्सी वाले चला रहे थे या कोई और इसकी जांच की जा रही है।
खून के निशान साफ कराने कार को वर्कशॉप ले गया था आरोपी, पुलिस ने किया जब्त
परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो कार चालक के पीछे भागे, चालक कार लेकर नंदग्राम स्थित एक कार वर्कशॉप पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक को कार पर लगे खून के निशान धुलवाने के लिए बात करते देखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार कब्जे में ले ली, जिससे खून के निशान मिटाए नहीं जा सके थे।
मेरी कार से नहीं हुआ हादसा : लालमन
उधर, कांग्रेस नेता और पूर्व मेयर प्रत्याशी लालमन ने बताया कि उनकी कार से कोई हादसा नहीं हुआ है। तीन दिन से उनकी कार खराब है और राजनगर एक्सटेंशन में खड़ी थी। वहीं से वर्कशाप में ठीक होने के लिए गई थी। उनकी कार से हादसा नहीं हुआ है।