पुलिस को एक बार फिर चुनौती देते हुए बाइक सवार बदमाशों ने शालीमार गार्डन चौकी से चंद कदमों की दूरी पर टीचर से चेन लूट ली। बदमाश ने टीचर के चेहरे पर नुकीली चीज से वारकर उन्हें घायल कर दिया। पीड़िता ने तहरीर दे दी है।
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 निवासी नोएडा की कंपनी में कार्यरत मनोज जैना यहां पत्नी रीना जैन के साथ रहते हैं। रीना मुरादाबाद के सरकारी स्कूल में टीचर हैं। शुक्रवार शाम रीना कालोनी की ही मदर डेयरी से दूध लेकर लौट रही थीं।
वह पावर सबस्टेशन के पास ही पहुंची थीं, तभी पीछे से एक युवक आया और नुकीली चीज से उनके चेहरे पर प्रहार किया। इसके बाद बदमाश उनकी चेन झपटकर कुछ ही दूरी पर खड़े अपने बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया।
घटना शालीमार गार्डन चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई। आसपास के लोगों ने टीचर को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। एसएचओ साहिबाबाद धीरेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत लेकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
राजेंद्र नगर में भी महिला के चेहरे पर मारा था मुक्का
ट्रांस हिंडन में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो महिलाओं से चेन लूटने के साथ उन्हें घायल भी करता है। बीती 20 मार्च को भी बाइकर्स ने राजेंद्र नगर में महिला के चेहरे पर घूंसा मारकर चेन लूट ली थी। एक दिन पहले भी श्यामपार्क एक्सटेंशन में महिला से पर्स लूटा गया था।
यहां भी महिला को धक्का मारकर गिराया गया था। बीते चार दिनों भी लगातार करीब आधा दर्जन लूट की घटनाओं को बदमाशों अंजाम दे चुके हैं। टीएचए के लोगों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा है।