लिंक रोड स्थित नवीन फल-सब्जी मंडी के सामने ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक का हैंडल बस के नीचे आने से बाइक सवार करीब 100 मीटर तक घसीटता गया। अस्पताल में डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे से गुस्साए लोगों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की। इस वजह से सड़क पर जाम लग गया। आरोपी बस चालक फरार है। साहिबाबाद सिकंदरपुर गांव निवासी अब्दुल कय्यूम (45) कारपेंटर का काम करते थे। बुधवार शाम करीब चार बजे किसी काम के सिलसिले में वे वसुंधरा अटल चौक जा रहे थे।
साहिबाबाद सब्जी मंडी के सामने गोविंदपुरम से आनंद विहार रूट की निजी बस ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। बाइक गिरते ही बस के नीचे फंस गई। बस चालक करीब सौ मीटर तक कय्यूम और बाइक को घसीटता ले गया।
एक युवक के बस के आगे कार लगाए जाने के बाद वह उतरकर भाग गया। कय्यूम के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए लोगों ने पत्थर और लाठी-डंडों से बस में जमकर तोड़फोड़ करते हुए जाम लगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराकर सड़क से हटाया। एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि बस को सीज कर चालक की तलाश की जा रही है।
कार सवार को भी मारी टक्कर
टक्कर मारकर भागती बस देखकर निजी कंपनीकर्मी प्रांजल ने कार से बस का करीब 300 मीटर तक पीछा किया। साथ ही कार बस के आगे ले जाकर रोक दी। बस चालक ने उनकी कार में भी पीछे से टक्कर मार दी। हालांकि कार खड़ी होने के चलते चालक बस लेकर नहीं भाग सका। खुद को घिरता देखकर चालक और कंडक्टर भाग गए।
करीब एक घंटे तक जाम से जूझे लोग
दुर्घटना और हंगामे के बाद करीब एक घंटे तक लिंक रोड पर जाम लगा रहा। इस दौरान पुलिस ने बस को सड़क किनारे करवाकर जाम खुलवाया और लोगों को भी शांत किया।