लोनी। शादी के लिए जेवरात बनाने के लिए दी गई रकम और सोना लेकर ठग ज्वैलर फरार हैं, जिसकी वजह से एक परिवार को बेटी की शादी टालनी पड़ी है। दूसरी तरफ, पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। परिजन कार्रवाई के इंतजार में हैं।
जवाली गांव निवासी महेश की बेटी की फरवरी के पहले सप्ताह में शादी तय थी। शादी की ज्वैलरी बनवाने के लिए उन्होंने राम विहार कालोनी स्थित बबली ज्वैलर्स को पांच लाख रुपये और 14 तोला पुराना सोना दिया था, लेकिन ज्वैलर रकम और सोना लेकर फरार हो गया।
उनका कहना है कि इतनी जल्दी शादी के लिए दोबारा रकम जुटा नहीं पा रहे हैं, जिसकी वजह से शादी टाल दी है। वह पुलिस कार्रवाई के इंतजार में हैं। पुलिस कार्रवाई कर ज्वैलर्स को पकड़ ले तभी कुछ हो सकता है।
बता दें कि लोनी में बबली और प्रिंस ज्वैलर के नाम से दुकानें चलाने वाले दो भाई 12 लोगों को सवा करोड़ रुपये की चपत लगा कर फरार हैं। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष है।
ठग ज्वैलर को पकड़ने के लिए दो टीमें दे रही दबिश
साहिबाबाद। कमेटी डालने के नाम पर और ज्वैलरी बनाने के लिए ली गई रकम को ठग कर भागे करहेड़ा के ज्वैलर पवन की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस की दो टीमें आरोपी की तलाश में दिल्ली-एनसीआर के उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
लोनी में ठगी करने वाले भोपुरा निवासी ज्वैलर भाइयों के तीसरे भाई पवन ने साहिबाबाद स्थित करहेड़ा में ज्वैलरी शॉप खोली थी। वह करहेड़ा निवासी पीड़ित ओमपाल और गजेंद्र से 14 लाख रुपये कमेटी के और करीब 35 से 40 लाख रुपये नगद लेकर फरार है।
एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि करहेड़ा और भोपुरा से आरोपी के बारे में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। ज्वैलर लंबे समय से ठगी करने के लिए प्रॉपर्टी बेचने आदि की योजना बना रहा था। इस काम में उसका साथ कई लोगों ने दिया था।
साथ देने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है, जिससे ज्वैलर और उसके भाइयों तक पहुंचा जा सके। एएसपी ने बताया कि दो टीमें लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। दिल्ली के अलावा नोएडा, लोनी और गुड़गांव में भी पुलिस टीमों ने जांच की है, मगर अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।