यूपी गेट को सिग्नल फ्री करने के लिए ट्रायल सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान पीक आवर्स में वाहन एक बार फिर रेंगते नजर आए और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद जाम लगा रहा। हालांकि ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि प्लान स्थायी होने तक यहां जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे के निर्माण में यूपी गेट को सिग्नल फ्री बनाने के लिए एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस ने यहां नया रूट प्लान जारी किया था। इसके अंतर्गत यूपी गेट चौराहे को दो यू टर्न से संचालित कर इसे सिग्नल फ्री कर दिया गया। सोमवार सुबह वाहनों के अधिक दबाव के चलते दो घंटे ट्रैफिक जाम लगा रहा।
सुबह नौ से ग्यारह बजे तक खोड़ा से यूपी गेट तक वाहन रेंगते नजर आए। उधर, शाम को छह से रात नौ बजे तक ट्रैफिक स्लो रहा।टीआई संजीव यादव ने बताया कि नया प्लान होने के चलते सुबह और शाम को ट्रैफिक स्लो रहा। हालांकि जाम लगने से बचाने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मी तैनात कर दिए गए थे।
साथ ही दिल्ली का एमसीडी टोल बूथ भी करीब एक किलोमीटर दूर शिफ्ट करवा दिया गया था, जिससे जाम के हालात नहीं बने। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि चार दिन का ट्रायल है। इस दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान कर चार दिन बाद यूपी गेट को स्थायी रूप से सिग्नल फ्री कर दिया जाएगा।
क्या है नया ट्रैफिक प्लान
नए ट्रैफिक प्लान के तहत दिल्ली की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को नए सर्विस रोड के जरिए लिंक रोड पर मोड़ दिया गया। एनएच-24 के जरिए गाजियाबाद जाने वाले वाहन वैशाली सेक्टर-1 से यूटर्न लेकर एनएच-24 पहुंचे। वैशाली से दिल्ली जाने वाले वाहनों को दाएं तरफ मुड़ने की जगह खोड़ा की तरफ एनएच-24 पर मोड़ा गया।
यहां से करीब 200 मीटर पर बने यूटर्न के जरिए वाहन चालक दिल्ली पहुंचे। खोड़ा की तरफ से दिल्ली जाने वाले वाहन सीधे दिल्ली गए। जिन्हें गाजियाबाद जाना था वह दिल्ली में बनी पहले यूटर्न लेकर लिंक रोड पहुंचे।