डासना स्थित दो बैंकों में कैश खत्म हो जाने से नाराज महिलाओं ने बृहस्पतिवार सुबह एक घंटे तक एनएच-24 जाम रखा, जिसे बाद में पुलिस के समझाने पर खोला।मामला डासना स्थित पीएनबी और एसबीआई का है, जहां सुबह करीब पांच बजे से नोट बदलने और जमा करने के लिए लोग लाइन में लग जाते हैं।
कैश न मिलने से नाराज महिलाओं ने बताया कि वह पिछले पांच दिनों से लगातार तड़के पांच बजे से लाइन में लग जाती हैं, लेकिन उन्हें कैश नहीं मिला है। महिलाओं का आरोप है कि जैसे ही सुबह 11 बजते हैं तो बैंक के कर्मचारी गेट पर कैश खत्म होने का नोटिस लगा देते हैं और गार्ड बाहर आकर महिलाओं से कहते हैं कि वह अपने घर चली जाएं।
कैश न मिलने से नाराज एसबीआई के बाहर लाइन में खड़ीं महिलाओं और पुरुषों ने सुबह 11 बजे पहले मसूरी से दिल्ली की ओर जाने वाली सड़क को जाम कर दिया। इसके बाद साढ़े 11 बजे पीएनबी की लाइन में लगी महिलाओं ने दिल्ली से मसूरी की ओर जाने वाली सड़क पर जाम लगा दिया। पहुंची मसूरी पुलिस ने महिलाओं को समझाकर जाम खुलवाया।