आईबी अफसर अरविंद कुमार के बेटे रजत की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पंजाब से उसका शव गाजियाबाद लाया गया। बुधवार को हिंडन तट पर अंतिम संस्कार किया गया।
रजत (25) का परिवार पिलखुवा के खैरपुर खैराबाद का रहने वाला है। वह गोविंदपुरम के सामने पंचशील प्राइमरोज सोसायटी में मां अनीता और बहन शिवानी के साथ रहता था। उसके पिता अरविंद की चार साल पहले श्रीनगर में मृत्यु हो गई थी, वह आईबी में एएसआई थे।
रजत को उनकी जगह मृृतक आश्रित में नौकरी मिल गई थी। अगले महीने उसे ज्वाइन करना था। परिजनों ने बताया कि सोमवार को वह तीन दोस्तों के साथ कार से कुल्लू मनाली जा रहा था। पंजाब के रूपनगर में गोवंश को बचाने के चक्कर उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में रजत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दोस्त शामली निवासी बनत और धनौरा निवासी सचिन, गौरव और मोहित घायल हो गए। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को उसका शव गाजियाबाद लाया गया। परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। अनीता और शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है।