एनआरएचएम घोटाले में फंसीं लखनऊ की डा. ऊषा सिंह अब अपने भतीजे की शादी में शिरकत करने के लिए अमेरिका जा सकती हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनकी अर्जी मंजूर कर ली है। सीबीआई विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी ने आरोपी के पासपोर्ट को रिलीज करते हुए उनके पति का पासपोर्ट जमा कर लिया है।
इसके साथ ही कोर्ट ने उनकी प्रापर्टी की लीज-डीड से संबंधित कागज भी जमा कराए हैं।डा. ऊषा सिंह ने मार्च में सीबीआई विशेष कोर्ट में अर्जी देकर बताया था कि अमेरिका में रहने वाले उसके भाई डा. रविंद्र कुमार आहूजा के बेटे सौम्य आहूजा की शादी अमेरिका में ही रहने वाली पल्लवी सूद से होने जा रही है।
उसे भी इस शादी का निमंत्रण मिला है। लिहाजा कोर्ट उन्हें एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक अमेरिका में रहने की अनुमति प्रदान करे। सीबीआई कोर्ट ने इस अर्जी को खारिज कर दिया था। इसके बाद आरोपी महिला डाक्टर ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
अर्जी पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 12 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आरोपी डाक्टर को विदेश जाने की मंजूरी दे दी थी।डिफेंस के अधिवक्ता ने शुक्रवार को हाईकोर्ट का आदेश सीबीआई विशेष कोर्ट में पेश किया।
इस पर विशेष न्यायाधीश ने सशर्त मंजूरी देते हुए डा. ऊषा सिंह का पासपोर्ट तो उन्हें सौंप दिया, मगर सिक्योरिटी के रूप में उनके पति देवेंद्र पाल सिंह का पासपोर्ट जमा करा लिया। इसके साथ ही विवेक विहार नोएडा स्थित उनके फ्लैट की लीज-डीड भी कोर्ट ने बतौर सिक्योरिटी जमा करा ली।
कोर्ट ने आदेश दिया है कि आरोपी लेडी डाक्टर एक मई को कोर्ट में उपस्थित हो जाएं।