दामिनी के बाद अब तीन और मुस्लिम महिलाएं हलाला और तीन तलाक के विरोध में एक मंच पर आ गईं हैं। जय शिव सेना के नेतृत्व में यह सभी महिलाएं आगे आईं हैं। इन महिलाओं का कहना है कि यह प्रथा अब बंद होनी चाहिए और धर्म के नाम पर महिलाओं का शोषण बंद किया जाना चाहिए नहीं तो वह भी हिंदू धर्म अपना लेंगी।
बृहस्पतिवार को तीन तलाक और हलाला के विरोध में हिंदू धर्म अपना चुकी दामिनी के नेतृत्व में तीन और मुस्लिम महिलाएं आगे आई हैं। राजनगर में आयोजित एक प्रेसवार्ता में उन्हें अपनी आपबीती सुनाई और तीन तलाक और हलाला के नाम पर महिलाओं का शोषण बंद करने की मांग की।
उनमें से मुरादनगर की अलीना ने बताया कि उसके पति ने सिर्फ इस लिए तलाक दे दिया था कि क्योंकि वह अपने मायके में दो दिन अधिक रह गईं थीं। अब पीड़ित महिला का पति हलाला कर दोबारा शादी करने पर जोर दे रहा है। दो अन्य महिलाएं घरेलू हिंसा से ग्रसित हैं।
रोज तलाक की धमकी देकर हिंसा की जाती है। वह भी इस प्रथा को खत्म करने की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि दामिनी के इस कदम से उन्हें हिम्मत मिली है। इसी तरह शोषण होता रहा तो वह भी हिंदू धर्म अपना लेंगी।
जय शिव सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित आर्यन ने बताया कि तीन तलाक और हलाला के विरोध में अब मुस्लिम छात्राएं भी आगे आ रही हैं। ये प्रथा बंद होनी चाहिए। प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान अलीना, रुखसाना, मोसीना सहित जय शिव सेना के ललित चौधरी और प्रियंका मौजूद रहीं।