जीटी रोड पर थाना साहिबाबाद के पास शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर हज हाउस के सुपरवाइजर की मौत हो गई। लोगों ने उन्हें लाजपत नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए और परिजनों को सूचना देकर वहां से चले गए।
परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो सुपरवाइजर व्हील चेयर पर बैठा था और सिर से खून बह रहा था। परिजन उन्हें अस्पताल के अंदर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
लाजपत नगर स्थित स्वरूप पार्क निवासी चंद्र प्रकाश(47) हज हाउस में सुपरवाइजर थे। शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह खाना खाकर टहलने गए थे। करीब आधे घंटे बाद उनकी पत्नी ज्योती पर फोन आया कि उनके पति का एक्सीडेंट हो गया है।
उन्हें लाजपत नगर स्थित निजी अस्पताल ले आए है, जिसके बाद वह अपनी बेटियों के साथ अस्पताल पहुंची। उनका कहना है कि डॉक्टरों को इलाज के लिए बोला, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
ज्योति ने डॉक्टरों पर इलाज में देरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल उनकी ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।