गोविंदपुरम में नोएडा के एबीएसए के मकान की ग्रिल उखाड़कर चोरी की गई। हालांकि यह साफ नहीं हो सका है कि चोर क्या सामान ले गए हैं। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं, जिसमें एक चोर नजर आ रहा है। कविनगर पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में जुटी है।
मूल रूप से अमरोहा के रहने वाले एबीएसए अरुण कुमार गोविंदपुरम डी-90 में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी नोएडा के एक डिग्री कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। करीब एक सप्ताह से अरुण कुमार के माता-पिता यहां आए हुए हैं, जो गोविंदपुरम एच-ब्लॉक में रहने वाले अपने भाई के यहां रुके हुए थे।
जबकि अरुण कुमार पत्नी के साथ एक समारोह में शामिल होने रामपुर गए थे और मकान बंद था। सोमवार दोपहर उनकी माता घर गईं तो दंग रह गईं। किचन की ग्रिल उखड़ी हुई थी और घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था।
उन्होंने इसकी सूचना अरुण कुमार और पुलिस को दी। कविनगर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें एक व्यक्ति रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे दिख रहा है।
इस संबंध में जांच अधिकारी पारस मलिक ने बताया कि ज्वैलरी और कैश चोरी नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि घर में ज्वैलरी नहीं थी। हालांकि अगर कुछ सामान गया है तो वह अरुण कुमार के आने केबाद ही पता चल पाएगा, वह रामपुर से अभी लौटे नहीं हैं। देर रात तक इस संबंध में तहरीर नहीं दी गई थी।