एनएच-24 पर मंगलवार सुबह करीब सात बजे कार की टक्कर से बाइक सवार खुशी (2) की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे उसके चाचा अनूप और पीछे खुशी को गोद में लेकर बैठी दादी लक्ष्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार मसूरी से एनएच-24 होते हुए मंदिर में पूजा अर्चना करने जा रहे थे। इस दौरान हापुड़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार चालक बरेली का है। वह एक महिला रिश्तेदार को इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार बच्ची बाइक से उछलकर पांच मीटर दूर सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गई। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। लक्ष्मी के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। अनूप के सिर में चोट लगी है।
आरोपी चालक कार लेकर मौके से भागने लगा, जिसे लोगों ने दबोच लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घायलों को रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ मसूरी शावेज खां ने बताया कि कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।