लड़की ने किया लड़का नापसंद, रिश्ता टूटा, मचा कोहराम
- फोटो : अमर उजाला
थानाक्षेत्र के एक गांव में लड़की के लड़के को नापसंद कर रिश्ता तोड़ देने से शादी की खुशियां छूमंतर हो गईं। यह सुनकर लड़के पक्ष में कोहराम मच गया। लड़की का संदेशा लेकर गांव पहुंचे लड़की के पिता और मामा से लड़के पक्ष वालों की जमकर कहासुनी हुई। बाद में पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
एसओ सुबोध सक्सेना ने बताया कि इलाके के एक गांव से रविवार को परतापुर बारात जानी थी। परिवार में शादी को लेकर काफी उत्साह था। बारात में जाने के लिए दूल्हे के रिश्तेदारों, दोस्तों और ग्रामीणों ने तैयारी पूरी कर ली थी। लेकिन शादी से एन पहले लड़की के लड़के को नापसंद कर शादी से इंकार करने पर कोहराम मच गया।
दोनों पक्षों में खूब कहासुनी हुई। बाद लड़की पक्ष के लोगों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी। तब जाकर मामला रफा दफा हुआ। रिश्तेदारों की पंचायत में लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष का सामान वापस लौटने की बात स्वीकार की। दूसरी तरफ बारात कैंसिल होने पर लड़के पक्ष की खुशियों को ग्रहण लग गया। एसओ का कहना है कि दोनों पक्षों ने कोई शिकायत नहीं की है।