टीला गांव के सामने पार्किंग में मरम्मत के दौरान टैंकर से गैस लीक होने से रविवार शाम अचानक अग लग गई। आग से टैंकर चालक समेत करीब दर्ज भर लोग मामूली रूप से झुलस गए। गनीमत रही कि टैंकर खाली था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
रविवार शाम करीब साढ़े बजे टीला गांव के सामने एक पार्किंग में खड़े भारत गैस प्लांट के खाली गैस टैंकर के वॉल्व की मरम्मत की जा रही थी। पास ही बैठा टैंकर चालक बीड़ी पी रहा था। खाली टैंकर का वॉल्व खुलते ही उसमें से बची हुई गैस लीक हुई और बीड़ी की चिंगारी से उसमें आग लग गई।
आग की लपटें टैंकर से करीब 10-15 मीटर ऊंची उठती देख आसपास बैठे लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान टैंकर चालक विजय(32) निवासी संत कबीरनगर, पास ही बैठे अंकित (26) लोनी, सुल्तानपुर निवासी विनय (23) व सुभाष (30) समेत दर्जनभर लोग मामूली रूप से झुलस गए। सभी के हाथ और पैर मामूली रूप से झुृलसे हैं।
उन्हें पास के निजी अस्पताल प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना पर करीब 15 मिनट बाद पहुंची दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। एसएचओ लोनी ओपी चौधरी ने बताया कि चालक विजय मामूली रूप से झुलसा है। बाकी किसी के झुलसने की सूचना पुलिस को नहीं है। विजय को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार एक गैस टैंकर में में 30-40 टन गैस आती है। गैस सप्लाई के बाद टैंकरों की लगातार मरम्मत होती है। हालांकि पूरा टैंकर खाली करने के बाद भी उसमें थोड़ी गैस रह जाती है। पुलिस के अनुसार जब रिपेयरिंग के लिए टैंकर का वॉल्व खोला गया तो बची गैस बाहर निकली। बीड़ी की चिंगारी मिलने से आग भड़क गई।
सीएफओ के अनुसार अगर टैंकर भरा होता तो उसमें ब्लास्ट भी हो सकता था।सीएफओ अक्षय रंजन ने बताया कि दमकल की एक गाड़ी ने तुरंत आग पर काबू पाया। हालांकि जांच में सामने आया है कि पार्किंग में किसी तरह के अगिभनशमन के कोई इंतजाम नहीं है।
यह भी जांच की जा रही है कि पार्किंग वैध है या अवैध। रविवार की छुट्टी होने के चलते गैस प्लांट अधिकारियों से भी बात नहीं हो सकी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।