फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फीस की फांस में फंसा रहा पूरा शहर

Wed, 26 Apr 2017 11:13 PM IST
ब्यूरो , अमर उजाला गाजियाबाद
विज्ञापन
फीस की फांस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फीस वृद्धि के विरोध में बुधवार सुबह से शाम तक अभिभावकों के हापुड़ रोड पर डटे रहने से पूरा शहर जाम से त्राहिमाम कर उठा। सुबह करीब सवा 11 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक शहर के सभी मुख्य मार्ग और अंदरूनी मार्गों पर लोग जाम से जूझते रहे। जाम में कई एंबुलेंस, स्कूल बसें और सरकारी वाहन भी फंसे रहे।
विज्ञापन


डीएम ने फीस बढ़ोतरी मामले में अभिभावकों और पैरेंट्स की बैठक बुधवार को बुलाई थी। बैठक में शामिल होने के लिए जिला मुख्यालय पर अभिभावक सुबह 9:30 बजे से जुटने लगे थे। प्रशासन ने एक स्कूल से सिर्फ तीन आईडी कार्ड धारक अभिभावकों को बैठक में शामिल होने की शर्त रख दी थी।

इससे नाराज अभिभावक भड़क उठे और डीएम से मिलने की मांग करने लगे। डीएम जब इस तरह अभिभावकों से नहीं मिलीं तो गुस्से में आए अभिभावक हापुड़ रोड पर पहुंच गए और चक्का जाम कर दिया। रांग साइड जा रहे वाहनों के चलते राजनगर चौराहा, पुराना बस अड्डा और हापुड़ चुंगी पर जाम लग गया।
विज्ञापन


इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पुराने बस अड्डा और हापुड़ चुंगी पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया। हापुड़ मोड़ से लाल कुआं की ओर जाने वाले वाहनों को एनएच-58 की ओर मोड़ा गया जबकि हापुड़ चुंगी से कलेक्ट्रेट की ओर आ रहे वाहनों को भी एनएच-58 और कविनगर की ओर मोड़ा गया।

इससे शहर के अंदरूनी मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और पूरा शहर जाम हो गया। होली चाइल्ड चौराहा, नवयुग मार्केट, चौधरी मोड़, ठाकुरद्वारा तिराहा, आरडीसी, नेहरू नगर, पटेल नगर समेत कई इलाकों में शाम तक जाम के हालात बने रहे।

टीआई रमेश तिवारी ने बताया कि अभिभावकों के विरोध को देखते हुए डायवर्जन किया गया था। वाहनों के रांग साइड आने और अधिक दबाव के चलते जाम लगा रहा।

डीएम पर अड़ियल रुख अपनाने का आरोप
शाम को हुई बैठक के बाद अभिभावकों ने डीएम पर अड़ियल रुख अपनाने का आरोप लगाया। अभिभावकों का कहना था कि सुबह जब वे सभी डीएम से मिलने जाने लगे तो उन्हें रोक दिया गया। अगर सुबह ही डीएम से मुलाकात हो जाती तो उन्हें उग्र विरोध नहीं करना पड़ता।

दिनभर वे डीएम को बुलाते रहे मगर वह नहीं आईं। उधर, डीएम निधि केसरवानी ने कहा कि सुबह अभिभावकों को कई बार मिलने बुलाया गया, मगर वे बाहर रोड पर प्रदर्शन करने पर अड़े रहे। प्रदर्शन में कुछ राजनीतिक लोग घुस आए जिन्होंने अपने फायदे के लिए जाम लगाया और उग्र प्रदर्शन किया।


11 मई तक बढ़ा एनुअल चार्ज और फीस नहीं लेंगे स्कूल
एक ओर अभिभावक जहां सड़क पर बवाल कर रहे थे वहीं दूसरी तरफ एडीएम फाइनेंस ने दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ पैरेंट्स और स्कूल प्रबंधकों के साथ बैठक की। बैठक में एडीएम फाइनेंस ने स्कूल प्रबंधकों को 11 मई तक बढ़ा एनुअल चार्ज और फीस न लेने के निर्देश दिए।

अभिभावकों ने एडीएम से शिकायत की कि पहले भी उनके द्वारा जारी आदेश का कुछ स्कूल पालन नहीं कर रहे। इस पर एडीएम ने अभिभावकों को ऐसे स्कूलों के खिलाफ लिखित शिकायत करने को कहा। बता दें कि इससे पूर्व 18 मई को एडीएम हुई बैठक में भी प्रशासन ने कार्रवाई के लिए 20 दिन का समय मांगा था।

आखिरकार डीएम ने मानी अभिभावकों की मांग
हंगामा और लाठीचार्ज के बाद डीएम, एसएसपी और अभिभावकों के बीच पुलिस लाइन में बैठक हुई। डीएम निधिक केसरवारी और एडीएम फाइनेंस राजेश यादव ने अभिभावकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। 11 मई तक कोई स्कूल अतिरिक्त फीस नहीं लेगा।

इसके लिए जल्द ही सभी स्कूलों को सर्कुलर जारी कर लिया जाएगा।महिलाओं से हुई धक्का-मुक्की, पुलिसकर्मियों को जोड़ने पड़े हाथ  एसपी सिटी सलमान ताज के कलक्ट्रेट पहुंचने के बाद पुलिस ने अभिभावकों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच धक्कामुक्की हो गई।

यहां तक कि पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर लाठियां तक भांज दीं। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता का आरोप लगाया और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद एसआई शरद को महिलाओं से हाथ जोड़कर माफी मांगने पड़ी। पुलिस ने लोगों को रोकने के लिए वॉटर कैनन भी मंगवाया। हालांकि उसका प्रयोग नहीं किया गया।

हापुड़ चुंगी जाने से रोका तो इंस्पेक्टर-एसआई से हाथापाई
शाम चार बजे अभिभावकों ने कलेक्ट्रेट से हापुड़ चुंगी के लिए पैदल मार्च शुरू किया। इस दौरान कविनगर इंस्पेक्टर हेमंत राय और उनकी टीम ने लोगों को बैरिकेड लगाकर रोकने का प्रयास किया। अभिभावक बैरिकेड के साइड से निकलकर दौड़ने लगे। इंस्पेक्टर और टीम सामने आई तो धक्कामुक्की हो गई।

इंस्पेक्टर सड़क पर गिरते-गिरते बचे। इस दौरान महिलाओं के साथ उनकी हाथापाई हो गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर ही लाठी चार्ज कर दिया।

अधिकारियों से हाथापाई करने वालों को नहीं छोड़ेंगे
हापुड़ चुंगी पर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और युवकों पर जमकर लाठी भांजी। अधिकारियों से हाथापाई के बाद तमतमाई एक महिला इंस्पेक्टर ने लाठी चार्ज के बाद कहा कि पुलिस अधिकारियों से हाथापाई करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नारेबाजी कर रही महिलाओं को उन्हाेंने जेल भेजने की चेतावनी भी दी।

लाठीचार्ज के दौरान मोहित नामक युवक के मामूली चोटें आईं। प्रदर्शन में शामिल एबीवीपी के आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

आरएएफ को अभिभावकों ने नारेबाजी कर लौटाया
दोपहर करीब डेढ़ बजे अभिभावकों को सड़क से हटाने के लिए पुलिस ने आरएएफ की एक टुकड़ी बुलाई। मगर आरएएफ के आते ही अभिभावक सड़क पर नारेबाजी करने लगे। जिसके बाद आरएएफ को पुलिस ने लौटा दिया।
 
बस में बिगड़ी एक बच्चे की तबियत, अस्पताल भिजवाया
पुराने बस अड्डे पर जाम के दौरान अपनी मां के साथ मेरठ जा रहे एक बच्चे की तबियत गर्मी बढ़ने से अचानक बिगड़ गई। बच्चे को तुरंत बस अड्डे के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। गर्मी के चलते बच्चे को डिहाइड्रेशन की शिकायत हुई थी

महिला की खोई चेन, पुलिसकर्मियों पर लगाया आरोप
पुलिस के साथ हुई हाथापाई और नोंकझोंक के दौरान विजय नगर निवासी सुषमा की चेन खो गई। महिला ने महिला पुलिसकर्मियों पर चेन लूटने का आरोप लगाया। महिला ने बताया कि उनका बेटा चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में पढ़ता है। हजारों की फीस कम करवाने के चक्कर में शादी की चेन भी चली गई।
विज्ञापन


इनसेट
टाइम लाइन, कब क्या हुआ
- सुबह 9:30 बजे से जिला मुख्यालय पर जुटने लगे अभिभावक।
- बैठक के बायकॉट में 11:16 पर हापुड़ रोड किया जाम।

- सुबह 11:30 बजे पर सिटी मजिस्ट्रेट, डीआईओएस और बीएसए पैरेंट्स को समझाने पहुंचे।
- अभिभावकों के न मानने पर 12:20 बजे एडीएम फाइनेंस अभिभावकों से मिलने पहुंचे।

- अभिभावकों के न मानने पर पुलिस प्रशासन ने 12:30 बजे से  रूट डायवर्ट कर जाम खुलवाना शुरू किया।
- बाद में दोपहर 1:30 बजे से एडीएम फाइनेंस ने स्कूल और कुछ पैरेंट्स के साथ बैठक शुरू की।

- अपराह्न 3:15 बजे धरना दे रहे अभिभावकों के समर्थन में एवीबीपी के सदस्य अभिभावकों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए।
- अपराह्न चार बजे अभिभावक हापुड़ चुंगी जाम करने पहुंचे।

- अपराह्न 4:45 बजे पर एसएसपी ने अभिभावकों से वार्ता की और डीएम से मिलाने ले गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें