इंदिरापुरम के शक्ति खंड तीन स्थित वन मॉल के एक स्पा सेंटर में तीन युवकों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग से मॉल में हड़कंप मच गया जबकि काउंटर पर बैठा युवक बाल-बाल बचा। पुलिस मामले को रुपयों के लेनदेन से जुड़ा बता रही है। स्पा सेंटर संचालक ने दो स्थानीय भाजपा नेताओं पर फायरिंग का आरोप लगाया है।
पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटर संचालक की तहरीर के बाद कार्रवाई की जाएगी।इंदिरापुरम के शक्ति खंड-तीन स्थित वन मॉल में एक स्पा सेंटर है। इसे तीन पार्टनर मिलकर चलाते हैं। पिछले दिनों दो स्थानीय भाजपा नेताओं ने उनसे स्पा सेंटर खरीदने का सौदा 10 लाख रुपये में तय किया।
आरोप है कि नेताओं ने एक पार्टनर को 50 हजार रुपये एडवांस में दे दिए और आठ लाख रुपये में ही स्पा सेंटर बेचने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर धमकी दी जाने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार शाम करीब छह बजे तीन बदमाश बाइक पर हेलमेट पहनकर मॉल के बाहर पहुंचे।
उनमें से दो युवक हेलमेट पहने हुए मॉल के पहले फ्लोर पर स्थित स्पा सेंटर पहुंचे और रिवाल्वर निकालकर गोली चला दी। दो गोलियां दीवार में जाकर धंस गईं। इस दौरान काउंटर पर बैठे युवक ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई।
वारदात को अंजाम देकर बदमाश नीचे आए और बाइक पर सवार होकर सीआईएसएफ रोड की ओर फरार हो गए। गोली चलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने गोलियों के खोखे कब्जे में ले लिए। पुलिस ने अन्य साक्ष्य भी जुटाए। मॉल के अन्य दुकानदारों व वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी एकत्र की।
उधर, स्पा सेंटर संचालकों की ओर से भाजपा नेताओं के खिलाफ इंदिरापुरम थाना में तहरीर दी गई तो पुलिस ने स्पा सेंटर चलाने के नाम पर उल्टे उनके खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। इसके बाद संचालक डर गए और गोली चलने के मामले की पैरवी किए बिना ही वापस लौट गए।
वारदात के बाद से आसपास की दुकानें हुईं बंद
स्पा सेंटर मॉल के प्रथम तल पर है। उसमें गोली चलने के बाद से मॉल में दहशत फैल गई। कई दुकानदार अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। बृहस्पतिवार को भी प्रथम तल की ज्यादातर दुकानें और कार्यालय बंद रहे। बृहस्पतिवार को स्पा सेंटर भी नहीं खुला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। स्पा सेंटर चलाने वालों की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- प्रदीप कुमार त्रिपाठी, थाना प्रभारी इंदिरापुरम