सिकरोड स्थित वर्कशॉप में आग लगने से चार कारें जल गई हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच कर रही है।सिहानी गेट रहने वाले बॉबी की सिकरोड में कार की वर्कशॉप है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह वर्कशॉप बंद कर वह घर गए थे। शनिवार सुबह जब वह वर्कशॉप पर आए तो उन्हें आग लगने का पता चला।
शटर खोलकर देखा तो वर्कशॉप में खड़ी एक लग्जरी कार समेत चार कारें जली हुई थीं। उन्होंने बताया कि देर रात आग की लपटें देख प्रत्यक्षदर्शियों ने रात करीब एक बजे अग्निशमन विभाग को आग की सूचना दी थी। इसके बाद एक गाड़ी मौके पर पहुंची थी, हालांकि इससे पहले ही आग वर्कशॉप में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था और आग बुझ गई थी।
बॉबी ने बताया कि उसकी दुकान में बिजली का कनेक्शन नहीं है, जिससे आग लगाने का कारण शॉर्ट सर्किट नहीं हो सकता है। ऐसे में उन्हें शक है कि किसी ने जानबूझ कर वर्कशॉप के बंद होने के बाद उसमें आग लगाई है। सिहानी गेट एसएचओ का कहना है कि अभी पुलिस के पास इस संबंध में कोई शिकायत या तहरीर नहीं आई है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा हादसा होने से टला
बॉबी ने बताया कि उसकी दुकान में हाईड्रोजन ऑक्सीजन और एयर प्रेशर के चार सिलेंडर रखे थे। गनीमत रही की उन्होंने आग नहीं पकड़ी। अगर उनमें आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वर्कशॉप से कुछ दूर पर ही लोगों के मकान हैं।