आरडीसी में लूट का डर दिखा कर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग से करीब 10 हजार रुपये ठग लिए हैं।घटना रविवार दोपहर की है। आरडीसी में करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति काफी देर से खड़े हुए रो रहे थे। आसपास के लोगों ने उनसे पूछा तो उन्होंने बताया कि वह रमेश कुमार सिंह (55) हैं।
शास्त्रीनगर के एक हॉस्टल में उनकी बेटी रहती है, वह उत्तराखंड से उससे मिलने आए हैं। वह आरडीसी कट के पास फ्लाईओवर के नीचे खड़े होकर शास्त्रीनगर के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवक आए। नमस्ते कर उनसे बातचीत की और बोले कि वे उन्हें शास्त्रीनगर तक छोड़ देंगे।
साथ ही उन्हें डर दिखाया कि उनके पास जो रुपये हैं, वह उन्हें दे दें, बाद में वे उन्हें दे देंगे, यहां लुटेरे घूम रहे हैं। उन्होंने करीब 10 हजार रुपये उन्हें दे दिए। उन्होंने रुपये रुमाल में रखे और उन्हें स्कूटी पर बैठा कर आरडीसी में छोड़ कर चले गए। उन्हें रुमाल भी दिया, जिसे खोल कर देखा तो उसमें रुपये के बजाय मुड़ा हुआ अखबार था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान पीसीआर वहां पहुंची और पीड़ित को शास्त्रीनगर छोड़ने के लिए ले गई। हालांकि कविनगर पुलिस घटना से अनभिज्ञता जता रही है।