ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो ट्रांसफार्मर और एक हाइड्रो क्रेन बरामद की गई है। आरोपियों में एक ट्रांसफार्मर ठीक करने वाली फैक्ट्री का स्वामी, विद्युत निगम का संविदा कर्मचारी और क्रेन चालक भी शामिल है। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
नई मंडी कोतवाली के एसएसआई समयपाल सिंह अत्री, दरोगा मनोज कुमार और राकेश शर्मा ने टीम के साथ शनिवार रात मखियाली मंदिर के पास से चार संदिग्धों को पकड़ लिया। पुलिस ने चारों से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी करते हैं। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों से दो ट्रांसफार्मर, हाइड्रो क्रेन और सामान चोरी करने के यंत्र बरामद किए।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी चरथावल के मगनपुरा निवासी क्रेन चालक अमित, नई मंडी के कूकड़ा निवासी एवं विद्युत निगम में संविदाकर्मी दिलशाद, मंसूरपुर के गांव पुरा निवासी शहजाद और भोपा के पटोली निवासी ताहिर हैं। ताहिर ट्रांसफार्मर ठीक करने वाली फैक्ट्री का स्वामी है। चारों मिलीभगत कर ट्रांसफार्मर चोरी करते हैं। इनक पास से बचन सिंह कालोनी और पटेल नगर से चुराए गए दो ट्रांसफार्मर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। उधर, रात से ही एक नेता पुलिस पर एक आरोपी को छोड़ने का दबाव बना रहे थे, लेकिन पुलिस ने किसी की नहीं सुनी और आरोपियों को जेल भेज दिया है।