मेरठ रोड पर ऑटो चालक और राहगीर के बीच हो रहा झगड़ा देखना रोहित (23) को भारी पड़ गया। ऑटो चालक ने उसे राहगीर का साथी समझकर ईंट मारी, जिससे उसकी दाईं आंख गंभीर रूप से जख्मी हो गई, उसे उस आंख से नजर नहीं आ रहा है। उसे दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रोहित घूकना का रहने वाला है। 12वीं पास है। यूपी पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा है। नोएडा की एक कंपनी में पार्ट टाइम जॉब भी करता है। हाल ही में नोएडा की एक विज्ञापन एजेंसी ने उसे बतौर मॉडल विज्ञापन में काम करने के लिए करार भी किया है।
मंगलवार सुबह वह बस से इसी विज्ञापन एजेंसी में जाने के लिए घर से निकला था। सिहानी चुंगी के पास एक ऑटो चालक का कुछ राहगीरों से झगड़ा हो रहा था, जिस वजह से मेरठ रोड पर जाम लगा था। रोहित बस से उतर गया और झगड़ा देखने लगा, तभी ऑटो चालक ने रोहित को दूसरे पक्ष का साथी समझ लिया और उसके चेहरे पर ईंट मार दी।
आंख से खून बहने लगा। उसने परिजनों को सूचना दी। परिजन और दोस्त मौके पर पहुंचे। रोहित के भाई डेविड ने बताया कि घायल को यशोदा और मरियम अस्पताल ले गए थे, जहां उसे बताया गया कि रोहित की आंख फूट गई है।
उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को हिरासत में ले लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है। डेविड ने बताया कि रोहित का सपना यूपी पुलिस में भर्ती होने का है। आंख की वजह से उसका यह सपना टूट सकता है।