मोदीनगर-मुरादनगर के बीच नेशनल हाईवे से रविवार शाम कार सवार युवक ने एक युवती को अगवा कर लिया। आरोपी रिश्ते में युवती का मौसेरा भाई है। सोमवार सुबह युवती ने फोन पर परिजनों को बताया कि युवक ने उसे (करनाल) हरियाणा में एक कमरे में बंधक बना रखा है।
सूचना पर परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। साथ ही कहा कि युवती की जिंदगी खतरे में है। पुलिस जांच में जुट गई है। युवती मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी की रहने वाली है। युवती के भाई ने बताया कि उनके यहां करनाल निवासी उनकी मौसी के लड़के का आना-जाना था।
दो दिन पहले युवती की मुरादनगर स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी लगी थी। रविवार शाम फैक्ट्री से लौटते वक्त कार सवार मौसी के लड़के ने उसे रोक लिया और घर छोड़ने की बात कहकर उनकी बहन को कार में बैठा लिया। आरोप है कि युवक ने रास्ते में उसे नशीली कोल्डड्रिंक पिला दी और उसे अगवा कर लिया।
होश में आने पर युवती ने अपने आप को करनाल स्थित एक कमरे में पाया। परिजनों का कहना है कि सोमवार सुबह युवती ने किसी तरह युवक का मोबाइल फोन लेकर उन्हें फोन किया और आपबीती बताई। इसके बाद करीब 11 बजे युवती के भाई ने कोतवाली पहुंचकर युवती के अपहरण की सूचना दी है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर नहीं बल्कि मौखिक सूचना दी गई है। युवती की बरामदगी को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, एसएचओ ध्रुव भूषण दूबे सूचना से ही इनकार कर रहे हैं।