भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य सूत्रधार मनोज ने ‘दृश्यम’ फिल्म की स्टाइल में पुलिस को चकमा दिया है। उसने अपना मोबाइल राजस्थान भिजवाया, जबकि वह खुद दिल्ली, एनसीआर में ही घूमता रहा। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस राजस्थान में खाक छानती रही।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मनोज को अहसास था कि हमले में उसका नाम जरूर आएगा और इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के जरिए पुलिस उस तक पहुंच सकती है। लिहाजा उसने फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रेरित हो कर पहले ही इसका तोड़ सोच लिया। फिल्म ‘दृश्यम’ में मनोज देवगन इसी तरह पुलिस को चकमा देता है।
वारदात के बाद सबसे पहले पुलिस ने मनोज के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो वह राजस्थान में निकली। पुलिस टीमें राजस्थान में उसे तलाशने निकल पड़ीं। इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद करा दिया, जिससे उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई।
पुलिस को लगता रहा कि वह राजस्थान में है, जबकि वह वहां था ही नहीं। पुलिस सूत्रों की मानें तो हथियारों का बैग फेंकने के पीछे भी हमलावरों की कोई रणनीति हो सकती है , हालांकि इसकी सच्चाई मनोज की गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो पाएगा।
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के करीबी माने जाने वाले कविनगर निवासी भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया पर 11 अगस्त को मुरादनगर के रावली रोड पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें तेवतिया समेत सात लोग घायल हो गए थे। उनका फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस मामले में पुलिस अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। मनीष और मनोज समेत छह मुख्य आरोपी भागे हुए हैं।