बॉलीवुड एक्ट्रेस अलीसा खान ने महिलाओं को पूर्व ब्वॉयफ्रेंड और पति से परेशान होकर जान न देने की सलाह दी है। उनका कहना है कि जान देने के बजाय महिलाओं को इंसाफ के लिए लड़ना चाहिए।
मुझे अहसास है कि प्रत्यूषा बनर्जी और जिया खान ने किन हालातों में आत्महत्या का कदम उठाया होगा। मैं भी उन्हीं हालातों का सामना कर रही हूं। लेकिन मैं सुसाइड नहीं करूंगी, बल्कि इंसाफ के लिए लड़ाई लड़ूंगी।
मंगलवार को अंबेडकर रोड के पास एक रेस्टोरेंट में प्रेस कांफ्रेंस कर अलीसा ने बताया कि उन्हें धोखा देने वाला पूर्व ब्वॉयफ्रेंड पुलिस केस होने के बाद विदेश भाग गया। वह विदेश से आकर उन पर हमला कर सकता है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया, वह कार्रवाई के लिए थाने और कोर्ट कचहरी के चक्कर काट रही है। गाजियाबाद पुलिस से उन्हें न्याय नहीं मिला है, जल्द ही वह अपनी आवाज फिल्मी दुनिया में उठाएंगी।
अलीसा ने कहा कि राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप की पुत्रवधू हिमांशी को भी उसके ससुराल में प्रताड़ित किया जाता होगा। उधर, प्रत्यूषा को उसका ब्वॉयफ्रेंड परेशान करता था। ऐसे घरों में पैसों को लेकर विवाद वजह नहीं हो सकती।
बता दें कि अलीसा खान ने नगर कोतवाली में पूर्व ब्वॉयफ्रेंड समीर के खिलाफ अश्लील हरकत करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई हुई है।