उपश्रमायुक्त कार्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने साथी कर्मचारी और एक अधिकारी के रिश्तेदार पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि घटना सीसीटीवी में कैद है।
13 दिन से वह थाने के चक्कर लगा रही हैं, पुलिस रिपोर्ट नहीं लिख रही है। इस संबंध में महिला ने राष्ट्रीय महिला आयोग, डीएम, एसएसपी और श्रम विभाग के हेड ऑफिस (कानपुर) को फैक्स के जरिए शिकायत भेजी है।
महिला ने बताया कि वह गोविंदपुरम में रहती हैं। 20 वर्ष से उपश्रमायुक्त कार्यालय में कार्यरत हैं। 11 मई को वह ऑफि स में थीं, इस दौरान साथी कर्मचारी और एक अधिकारी के रिश्तेदार ने उनके साथ छेड़छाड़ की। विरोध पर अभद्रता की और उसे कमरे में बंद कर भाग गए।
महिला मित्र को फोन कॉल कर बुलाया तो वह ऑफिस से बाहर निकल सकीं। मामले की शिकायत कंट्रोल रूम में की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। एसएचओ सिहानी गेट का कहना है कि मामला बुधवार को ही संज्ञान में आया है।
ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की जा रही है, जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। महिला ने यह भी बताया कि साथी कर्मचारी से उनका वर्ष 2008 में भी विवाद हुआ था, मामला कोर्ट में विचाराधीन है।