शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 में हार्डवेयर कारोबारी ने तीन युवकों को बिल्डिंग में घुसकर लघुशंका करने से रोका तो युवकों ने उन पर फायर कर दिया। वह बाल-बाल बच गए, जिस पर युवक उनके सिर में पिस्टल की बट मारकर भाग गए, साथ ही उनके भाई से भी मारपीट की।
घटना से नाराज व्यापारियों ने दुकानें बंद कर गौड़ प्लाजा चौक पर जाम लगाकर हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।गरिमा गार्डन निवासी मदन पाल भाई सुकरम के साथ शालीमार गार्डन गौड़ प्लाजा चौक पर हार्डवेयर शॉप चलाते हैं।
रविवार शाम करीब छह बजे दोनों भाई दुकान पर थे, तभी तीन अज्ञात युवक उनकी बिल्डिंग में घुसने लगे। उन्होंने युवकों को रोक कर अंदर जाने का कारण पूछा तो युवकों ने कहा कि लघु शंका करने जा रहे हैं। युवकों के बाहरी होने के चलते सुकराम ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इस पर युवक भड़क उठे और सुकरम से मारपीट करने लगे।
मदन उन्हें बचाने दौड़े तो बदमाशों ने पिस्टल निकाल ली और सुकरम पर फायर कर दिया। वह बाल-बाल बचे। मदन ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो युवकों ने उनके सिर में पिस्टल की बट मारकर घायल कर दिया और भाग गए।घटना की सूचना मार्केट के व्यापारियों को लगते ही व्यापारी गौड़ प्लाजा चौक पर इकट्ठा हुए और जाम लगा दिया।
उन्होंने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसएचओ साहिबाबाद धीरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को शांत कराया। करीब आधे घंटे बाद व्यापारी माने। एसएचओ ने कहा कि आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है। एक खोखा बरामद कर लिया गया है।
इंस्पेक्टर से हुई नोकझोंक, घेराव किया
एसएचओ साहिबाबाद के पहुंचते ही व्यापारियों ने उनका घेराव कर लिया। कारोबारियों से उनकी नोकझोंक हुई। कारोबारी सुमित राणा ने बताया कि करीब आठ माह पहले हुई इलेक्ट्रॉनिक सामान कारोबारी से गोली मारकर हुई लूट का पुलिस ने अभी तक खुलासा नहीं किया है। इतना ही नहीं, आए दिन यहां लूट और स्नैचिंग की घटनाओं पर भी पुलिस रोक नहीं लगा पा रही है।
करीब डेढ़ घंटा जाम से जूझते रहे वाहन
घटना के बाद व्यापारी सड़क पर उतर आए, जिस कारण गौड़ प्लाजा चौक जाम हो गया। व्यापारियों ने कहा कि जब तक आरोपी नहीं पकड़े जाते, वे रोड से नहीं हटेेंगे। हालांकि पुलिस के आश्वासन पर वे सड़क से हटे। करीब छह बजे से लगा जाम साढ़े सात बजे खुल सका।