वैशाली सेक्टर-4 निवासी रिटायर्ड अपर आयुक्त के क्रेडिट कार्ड से ठगों ने 31 सौ अमेरिकी डॉलर की खरीदारी कर ली। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्हें इसका पता चला तो उन्होंने तुरंत कार्ड ब्लॉक कराकर थाना इंदिरापुरम में शिकायत दर्ज कराई।वैशाली सेक्टर-4 में रिटायर्ड अपर आयुक्त राजेंद्र प्रसाद मिश्र रहते हैं।
उनके पास एसबीआई बैक का क्रेडिट कार्ड है। एक दिसंबर को रात करीब एक बजे उनके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड के जरिए 1800 और 1300 डॉलर की खरीदारी का मैसेज आया। फौरन बाद दो मैसेज और आए, जिसके जरिए 1300 और 500 डॉलर की शॉपिंग करने की कोशिश की गई थी लेकिन क्रेडिट कार्ड की लिमिट खत्म होने की वजह से ट्रांजेक्शन नहीं हो सकी।
उन्होंने तुरंत अपना कार्ड चेक किया, जो उनके पास ही मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत अपना कार्ड ब्लॉक करा दिया। उन्होंने मामले की शिकायत थाना इंदिरापुरम में की है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले कार्ड का इस्तेमाल ट्रेड फेयर में किया था।
उन्होंने शिकायत में बैंक कर्मचारियों के मिले होने की आशंका जताई है। थाना इंदिरापुरम सीओ अनिल यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।