खोड़ा में रविवार रात धार्मिक स्थल निर्माण का विरोध करने पर कुछ लोगों ने विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों से मारपीट करते हुए उनके साथियों पर फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोगों को गोली लगी। पदाधिकारी समेत चारों घायलों को नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुस्साए कारोबारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया है।
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे इलाके में तनाव है, जिसके मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। दूसरी तरफ, पुलिस इसे रोडरेज का मामला बता रही है।खोड़ा के अनिल विहार निवासी राकेश कुमार विश्व हिंदू परिषद नोएडा के महानगर मंत्री हैं।
शनिवार को दीपक विहार में एक प्लॉट पर अवैध रूप से बनाए जा रहे धार्मिक स्थल के निर्माण को उन्होंने पुलिस से शिकायत कर रुकवा दिया था। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें धमकी दी थी। रविवार को वह अपने एक दोस्त से मिलने गंगाराम अस्पताल गए थे।
देर रात करीब 11 बजे वह स्कूटी पर घर लौट रहे थे। घर के पास पहुंचते ही एसयूवी कार सवार आठ-दस लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी डंडों से हमला कर दिया। उनका सिर फट गया और हाथ पैरों में भी गंभीर चोटें आईं।
चिल्लाने की आवाज सुनकर उनके छोटे भाई सुनील कुमार, विकास, अभिषेक और साथी राहुल उन्हें बचाने पहुंचे तो युवकों ने रायफल से उन पर फायरिंग कर दी। अभिषेक व विकास के पैर में और राहुल की कमर पर गोली लगी। राकेश व सुनील ने स्कूटी के पीछे छिपते हुए खुद को बचाया। फायरिंग कर सभी युवक कार छोड़कर पैदल भाग गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में भीड़ जमा हो गई। लोगों ने उन्हें नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां राकेश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि भाई विकास, अभिषेक और विहिप के नगर सहमंत्री राहुल की हालत गंभीर है। घटना के विरोध में इलाके के व्यापारियों ने दुकानें बंद कर हंगामा किया।
साथ ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। हंगामा बढ़ता देख बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस संबंध में सीओ इंदिरापुरम अनिल यादव ने बताया कि मामला रोडरेज के दौरान हुए विवाद का है। धार्मिक स्थल निर्माण की शिकायत दो दिन पहले की गई थी, जिसे पहले ही रुकवा दिया गया था।
रविवार देर रात का मामला स्कूटी और कार की टक्कर को लेकर शुरू हुआ था। हालांकि पीड़ित राकेश ने बताया कि आरोपी वंदना विहार व दीपक विहार के रहने वाले हैं और धार्मिक स्थल का अवैध निर्माण कर रहे थे। शिकायत करने के चलते ही उन्होंने हमला किया है।
सोमवार सुबह लोगों ने थाना खोड़ा पहुंचकर घेराव किया। एसएसपी दीपक कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। एसएसपी ने बताया कि मामले में संजय मलिक, एक क्लीनिक के मालिक और आठ अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। नदीम, रियाज, राहुल निवासी वंदना विहार और शहीद मोहम्मद निवासी दीपक विहार को घटना के बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। आरोपियों की कार भी सीज कर दी गई है।
दिव्यांग हैं घायल विहिप नेता
फायरिंग में बाल-बाल बचे सुनील ने बताया कि उनके भाई राकेश दिव्यांग हैं। करीब 10 साल पहले उनका ट्रेन दुर्घटना में पैर कट गया था। वह कृत्रिम पैर से जीवन यापन करते हैं।
आरएसएस ने की निंदा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर कार्यवाह यतेंद्र मलिक ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि खोड़ा में कुछ असामाजिक तत्वों ने विहिप और स्वयंसेवकों पर हमला किया है। इसके विरोध स्वरूप स्वयंसेवक मंगलवार सुबह सवा छह बजे सरस्वती विहार, खोड़ा में एकत्रीकरण कार्यक्रम करेंगे।
उधर, दीपक विहार स्थित जिस प्लॉट पर निर्माण शुरू किया गया था, उसके आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि धार्मिक स्थल निर्माण को लेकर उनका कोई विवाद नहीं है। शनिवार को पुलिस ने निर्माण रुकवाया था, जिसके बाद वह निर्माण के लिए डीएम की अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं।