वेतन बढ़ाने के लिए सफाई कर्मचारी यूनियन के दो नेताओं ने मंगलवार को निगम परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। सूचना पर मौजूद रही पुलिस ने एक कर्मचारी को पहले ही हिरासत में ले लिया।
दूसरे सफाई कर्मचारी नेता राजेश चौहान ने पुलिस को गच्चा देकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, मगर आग लगाने से पहले ही उसे भी हिरासत में ले लिया गया। सफाई कर्मचारी यूनियन नेता अशोक गहलोत और राजेश चौहान ने कर्मचारियों का वेतन 250 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 15,300 रुपये प्रतिमाह करने के लिए पूर्व में भूखहड़ताल की थी।
उनका कहना था कि सात-आठ दिन बाद महापौर और नगर आयुक्त के बोर्ड में प्रस्ताव पास कराकर वेतन बढ़ाने के आश्वासन पर भूखहड़ताल खत्म कर दी थी। 20 दिन बीत जाने के बावजूद न तो वेतन बढ़ाया गया और न ही अभी तक लिखित समझौते की कॉपी दी गई। इससे कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया।
सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अशोक गहलोत और राजेश चौहान नगर निगम में अलग-अलग आत्मदाह करने पहुंचे। अशोक गहलोत को पुलिस ने पहले ही हिरासत में ले लिया।
गुस्साए कर्मचारियों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उधर दोनों कर्मचारी नेताओं को पुलिस ने शाम तक थाने में बैठाए रखा। उनका कहना है कि वह फिर नगर निगम में पहुंच आत्मदाह करेंगे।