नगर निगम के चीफ इंजीनियर के घर का मेन गेट का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों की चोरी को अंजाम दिया है। हालांकि इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
सिहानी गेट पुलिस ने बताया कि चीफ इंजीनियर आरके मित्तल, लोहिया नगर स्थित एक सरकारी आवास में रहते हैं।
वह कुछ दिनों से अस्वस्थ होने के चलते अपने परिवार के पास मेरठ गए हुए हैं। बृहस्पतिवार देर रात चोरों ने उनके फ्लैट के मेन गेट का ताला तोड़कर घर में रखे हजारों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह उनके पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो सिहानी गेट पुलिस और आरके मित्तल को चोरी की सूचना दी।
सूचना मिलते ही लैपर्ड मौके पर पहुंची। वहीं, इस संबंध में सिहानी गेट एसएचओ अवनीश गौतम का कहना है कि फिलहाल पुलिस को इस मामले की तहरीर नहीं दी गई है। चीफ इंजीनियर के घर के पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद हो गई है। छानबीन की जा रही है। आरके मित्तल के आने पर ही पता चल पाएगा कि घर से कितने रुपये मूल्य के सामान की चोरी हुई है।