रावली रोड काकड़ा पुल के पास शनिवार दोपहर कार और आटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।
सरना गांव निवासी प्रमोद रावली सुराना मार्ग पर आटो चलाता है। शनिवार को प्रमोद सुराना से आटो में सवारी लेकर मुरादनगर आ रहा था। काकड़ा पुल के पास सामने से आ रही कार की आटो से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार-आटो क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से आटो सवार इदरीश, रवि निवासी रावली, प्रमोद निवासी सरना गांव, अशोक निवासी कस्बा, हाफिज सईद निवासी रावली और कार सवार, मनीष, रोबिन, मोहित निवासी सुराना गांव को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने मोहित (19) पुत्र कंवरपाल और हाफिज सईद (40) पुत्र कुडे निवासी मिर्जापुर सहारनपुर को मृत घोषित कर दिया। मोहित बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। एसओ सुबोध सक्सेना का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।