बृहस्पतिवार की रात मुरादनगर में पकड़ा गया 1.90 करोड़ कैश एटीएम में डालने के लिए आया था। शुक्रवार को आयकर विभाग और कंपनी के अधिकारी थाने में पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ दिया गया जबकि कैश बैंक प्रापर्टी के चलते लौटा दिया गया है।
बृहस्पतिवार की रात मुरादनगर पुलिस ने मेन रोड से एक वैन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 1.90 करोड़ नई करेंसी मिली थी। वैन में सवार युवकों के दस्तावेज नहीं दिखाने पर पुलिस को शक था कि बरामद कैश चुनाव में खपत होने के लिए जा रहा है।
इसके चलते शुक्रवार सुबह आयकर विभाग के अधिकारी हेमंत कुमार टीम के साथ थाने में पहुंचे और जांच पड़ताल की। इसी बीच सीएमएस कंपनी के अधिकारी अनुराग दुबे भी पहुंच गए। अधिकारी ने बताया कि कंपनी की ओर से यह कैश 113 एटीएम में डालने के लिए जा रहा था, जिसमें 30 एटीएम में रुपये डालने बाकी रह गए थे।
इंस्पेक्टर हरिदयाल यादव ने बताया कि कंपनी की ओर से दस्तावेज दिखाने पर आयकर अधिकारियों ने बरामद कैश बैंक प्रापर्टी माना है। इसके चलते हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ दिया गया है।