कार सवार बदमाशों ने शुक्रवार सुबह शास्त्री नगर में स्कूल जा रही एक सातवीं कक्षा की छात्रा को अगवा करने की कोशिश की। हालांकि छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों को धक्का देकर खुद को बचा लिया और मौके से भाग निकली। वारदात के दौरान पांच बदमाश एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
रजापुर निवासी तनु (15) पुत्री सिपाही लाल, शास्त्री नगर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में सातवीं की छात्रा है। सिपाही लाल गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन और यूपीसीए के पदाधिकारी के ड्राइवर हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे उनकी बेटी स्कूल जा रही थी।
घर से करीब 800 मीटर की दूरी पर कार सवार एक युवक ने उनकी बेटी तनु को इशारा कर पास बुलाया। जैसे ही तनु कार के पास पहुंची, कार की पिछली सीट पर बैठे दो और युवक उसे कार के अंदर खींचने लगे। इस दौरान उनकी बेटी ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों को धक्का देकर अपना हाथ छुड़ाया और भागते हुए शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोगों का आता देख कार सवार युवक फरार हो गए। तनु ने बताया कि कार में कुल पांच युवक बैठे थे और सभी ने काले रंग के कपड़े पहने हुए थे। सभी ने अपना चेहरा काले कपड़े से ढक रखा था। इसकी वजह से वह युवकों का चेहरा नहीं देख सकी। सीओ मनीष मिश्र ने बताया कि मामले की जांच के दौरान एक सीसीटीवी कैमरे में युवकों की कार दिखाई दे रही है।
फुटेज से कार का नंबर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे युवकों के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने बताया कि छात्रा के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।