यूपी गेट शनिवार सुबह से पूरी तरह सिग्नल फ्री हो जाएगा। दिल्ली स्थित गाजीपुर फ्लाईओवर को बंद कर ट्रैफिक को फ्लाईओवर के नीचे बनाई गई नई सड़क से निकाला जाएगा। इससे यूपी गेट पर जाम की समस्या दूर हो जाएगी।
सोमवार को रूट डायवर्जन कर यूपी गेट को सिग्नल फ्री करने के लिए ट्रायल शुरू किया गया था लेकिन पीक ऑवर्स में दोनों यू टर्न पर जाम लग रहा था। यातायात पुलिसकर्मी यहां वाहनों को निकालने में लगे रहते थे। इसे देखते हुए एनएचएआई ने यूपी गेट से इंदिरापुरम के बीच एक नई सर्विस रोड तैयार कर दी है।
यह रोड करीब सात फीट नीचे है। सड़क को वैशाली से एनएच-24 को जाने वाली सर्विस रोड से कनेक्ट किया गया है। शनिवार से गाजीपुर फ्लाईओवर को बंद कर दिया जाएगा। दिल्ली से आने वाले ट्रैफिक को फ्लाईओवर के नीचे बने सड़क के बाद नई सर्विस रोड से निकाला जाएगा।
फ्लाईओवर से वाहन नहीं आने से दिल्ली वाला ट्रैफिक यू टर्न पर नहीं रुकेगा। इसके बाद शनिवार से यूपी गेट पूरी तरह से सिग्नल फ्री हो जाएगा।
छह माह में बनेगा यूपी गेट पर फ्लाईओवर
एनएचएआई के प्रोजेक्ट इंजीनियर विकास नागर ने बताया कि यूपी गेट पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू करने के चलते ट्रैफिक रूट में यह तब्दीली की गई है। करीब छह महीने में फ्लाई ओवर का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फ्लाईओवर बनने तक यही व्यवस्था रहेगी।
इसके लिए ही यूपी गेट को सिग्नल फ्री करना जरूरी था। इसके तहत ही रूट डायवर्जन किया गया है। शनिवार से वाहन चालकों को कोई परेशानी नहीं होगी।