बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ जीडीए की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। जीडीए प्रवर्तन टीम ने मेरठ रोड स्थित आरकेजीआईटी कालेज कैंपस में निर्माणाधीन इमारत को सील कर दिया। यह कालेज वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश गोयल का है।
अफसरों का कहना था कि बिना नक्शा पास कराए कालेज परिसर में यह इमारत अवैध रूप से बनाई जा रही थी। पूर्व में दो बार नोटिस भी दिया जा चुका था और एक बार सील भी कर दिया गया था लेकिन निर्माणकार्य जारी रहा।
जीडीए वीसी कंचन वर्मा ने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ उन्होंने कार्रवाई के आदेश दे रखे हैं। इसी कड़ी में जोन-1 की टीम ने एई आरपी सिंह के नेतृत्व में मेरठ रोड स्थित आरकेजीआईटी कालेज कैंपस में बन रही एक नई इमारत पर कार्रवाई की गई है।
आरपी सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल और 5 मई 2016 को इस इमारत के निर्माण के लिए कालेज संचालकों को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 6 जून 2016 को यह निर्माणाधीन इमारत सील कर दी गई थी।
इस पर इमारत मालिक ने एक प्रार्थना पत्र देकर जल्द ही नक्शा जमा कराने की बात कर सील खुलवा ली थी। इसके लिए एक माह की मोहलत दी गई थी मगर अब करीब एक साल बीत जाने के बाद भी उपरोक्त इमारत का नक्शा जीडीए में जमा नहीं कराया गया।
एई आरपी सिंह ने बताया कि इसी के चलते शुक्रवार को वह जेई सीपी सिंह, आरके सारस्वत और अजय सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन इमारत को सील कर दिया।उधर, इस संबंध में जब कालेज के डायरेक्टर आरके माहेश्वरी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। वह आज कालेज में मौजूद नहीं थे।
सरकारी जमीनों पर हुए अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन तेजी से कर रहा है। इस संबंध में डीएम मिनिस्ती एस. ने अतिक्रमण हटाने में जुटे अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्ययोजना तैयार कर अतिक्रमण हटवाएं।
डीएम ने कहा कि ग्रामीण अंचल में सरकारी भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए दैनिक कार्य योजना तैयार करें। डीएम ने सभी को सूचित किया कि तीन जून जलालाबाद, चार व पांच जून को डासना, मिस्वापुर छह जून, मोदीनगर के ग्यासपुर में सात जून को अतिक्रमण हटाया जाएगा।
डीएम ने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह टीम गठित कर अतिक्रमण हटवा के कार्य को अंजाम दें।