सूर्यनगर मार्केट में खरीदारी करने आई युवती की स्कूटी का लॉक तोड़कर चोरों ने पर्स उड़ा लिया। चोर को भागता देख युवती ने शोर मचाया, मगर वह साथी की बाइक पर बैठकर भाग गया।
सूर्य नगर निवासी गरिमा गुप्ता नोएडा के एक कॉलेज में बीबीए सेकेंड ईयर की छात्रा है। शनिवार दोपहर वह सूर्य नगर मार्केट में खरीदारी करने गई थी। स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर वह दुकान पर सामान लेने चली गईं। छात्रा पर्स लेने लौटी तो काली शर्ट पहने एक चोर नुकीले लोहे के सरिया से स्कूटी की डिक्की का लॉक तोड़ रहा था।
उन्होंने शोर मचाया, यह देख चोर ने तुरंत पर्स निकाला और पास ही खड़े साथी की बाइक पर बैठकर दिल्ली की ओर भाग गया। कुछ लोगों ने उनका पीछा किया, लेकिन दोनों भाग निकले। पर्स में छह हजार रुपये, एटीएम कार्ड आदि थे। एसएचओ लिंक रोड ने बताया कि शिकायत लेकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।