शास्त्रीनगर से बीबीए छात्रा ज्योति कुमारी (19) रहस्यमय हालात में गायब है। वह मां से फोन पर यह कहकर गई है कि 25 दिन बाद वापस लौटेगी, इसके बाद से मोबाइल बंद है। छात्रा के भाई मनीष ने कविनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
मनीष ने बताया कि वह झारखंड के दुमका का है। उसके पिता राम प्रवेश दास झारखंड में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर हैं। वह हाईटेक कॉलेज से बीटेक फाइनल का छात्र है। उसकी बहन ज्योति शास्त्रीनगर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहती थी। रॉयल कॉलेज से बीबीए कर रही है। 21 मार्च को वह दोनों झारखंड जाने वाले थे।
इससे पहले ज्योति गायब हो गई। वह हॉस्टल से यह कहकर निकली थी कि भाई मनीष से मिलने के लिए जा रही है। मनीष ने बताया कि 21 मार्च को दोपहर 12 बजे ज्योति ने मां के पास फोन कर कहा था कि वह बुलंदशहर में है और करीब 25 दिन बाद वापस लौटेगी।
मोबाइल की आखिरी लोकेशन हरिद्वार आई है। एसएचओ अशोक सिसौदिया का कहना है कि जांच की जा रही है।