टीएचए में कार लूट की वारदातें बढ़ती ही जा रही है। सात दिन के अंदर कार लूटने की तीसरी वारदात सोमवार रात को हुई। इस बार बदमाशों ने विंडसर मार्केट के बाहर एक सीमेंट कंपनी के अस्सिटेंट मैनेजर को अगवा कर कार लूट ली। किसी तरह मैनेजर बीच रास्ते में कार से कूदकर जान बचाई। बदमाश मैनेजर से मोबाइल, अंगूठी भी लूटकर ले गए है।
तहरीर मिलने पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। वैभव खंड स्थित कृष्णा विस्टा सोसायटी में रजनीश रोहल (32) परिवार के साथ रहते हैं। वह अंबुजा सीमेंट कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर पद पर कार्यरत हैं। सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे वे एटीएम से रुपए निकालने के लिए विंडसर मार्केट आए थे।
एटीएम से कैश नहीं निकला तो वह कार से घर वापस जाने लगे। इसी बीच उनकी पत्नी का कॉल आ गया। वह साइड में कार रोककर मोबाइल पर पत्नी से बात करने लगे, तभी दो युवक कार के पास आए और वैशाली जाने का रास्ता पूछने लगे।
रजनीश ने एड्रेस बताने के लिए कार का शीशा नीचे किया तभी बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी, इस दौरान बदमाशों के दो साथी और आ गए। चारों बदमाश कार में घुस गए और रजनीश को पीछे की सीट पर धकेल दिया। बदमाशों ने उनसे अंगूठी, चेन और मोबाइल लूट लिया।
उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट कर उनकी गर्दन पर पिस्टल रखकर गोली मारने की धमकी दी। एक बदमाश ने ड्राइविंग संभाल ली और वे मैनेजर को लेकर किसी अज्ञात दिशा की ओर चल पड़े। इस बीच हैबीटेट सेंटर के पास रजनीश ने अपनी जान बचाने के लिए बदमाशों से हाथापाई शुरू कर दी।
इस दौरान उन्होंने किसी तरह कार का दरवाजा खोला और उससे कूदकर अपनी जान बचाई। उनके मुंह और पैर में चोट भी आई हैं। कार से कूदने के बाद उन्होंने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए बॉर्डर एरिया पर चेकिंग शुरू कर दी, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। उ
न्होंने मंगलवार को थाना इंदिरापुरम में वारदात की तहरीर दी। थाना इंदिरापुरम एसएचओ बीआर जैदी ने बताया कि मंगलवार सुबह घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध की तस्वीर कैद हुई है। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
06 दिसंबर 2016- कौशांबी में आइसीआइसीआई बैंक के सामने ब्यूटी पार्लर संचालिका से कार लूटी 04 दिसंबर 2016- लिंक रोड पर प्रह्लादगढ़ी स्थित बैक्वेट हॉल के सामने से टीसी के ड्राइवर से कार लूटी
16 जून 2016- साइट- 4 औद्योगिक क्षेत्र कड़कड़ मॉडल गांव के सामने बदमाशों ने टैक्सी चालक से लूटी कार
23 फरवरी 2016- लिंक रोड पर कंट्री इन होटल के सामने बदमाशों ने एलजी डिस्ट्रीब्यूटर को बंधक बनाकर कार लूटी