इंदिरापुरम पुलिस ने फायरिंग कर लूट करने वाले वाले गैंग के दो बदमाशों को वैशाली पुलिया से धर दबोचा। बदमाशों ने हाल ही में इलाके में कई लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी अब तक 50 से अधिक लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
इससे लूट के साढ़े 15 हजार रुपये, एक बाइक, तमंचा और चाकू बरामद किया गया है। इस दौरान बदमाशों का एक साथी भाग निकला। एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि वैशाली सेक्टर-2 पुलिया के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन युवकों को रोका तो वह भागने की कोशिश करने लगे।
दो युवकों को पुलिस ने धर दबोचा जबकि तीसरा बाइक से कूदकर फरार हो गया। तलाशी में युवकों से तमंचा और चाकू बरामद हुआ। बाइक के कागजात भी नहीं मिले। सख्ती से पूछताछ में उन्होंने बताया कि बाइक लूट की है।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी लूट करने से पहले हवाई फायर कर लोगों को आतंकित कर देते थे। इसके बाद ही वह वारदात को अंजाम देते थे। पीड़ित विरोध करता तो उसे गोली भी मार देते थे। दोनों मसूरी, नोएडा और इंदिरापुरम में करीब आधा दर्जन जबकि कुल 50 से अधिक लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
बदमाश इससे पहले नोएडा से भी लूट के मामले में जेल जा चुके हैं। आरोपियों की पहचान करण उर्फ भारत ग्राम बकसरा, अनूपशहर (बुलंदशहर) और बॉबी उर्फ छोटू ममूरा गांव नोएडा का रहने वाला है। बदमाशों का तीसरा फरार साथी दीपक निवासी नोएडा है।
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपी करीब 15 दिन पहले वैशाली पुलिया पर एक महिला से चेन लूटकर भाग रहे थे। कार सवार युवक ने उनका विरोध किया तो उन्होंने उनकी कार पर एक फायर किया था।
गिरफ्तार करने वाली टीम को पांच हजार का इनाम
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपियों को पकड़ने वाले चौकी इंचार्ज वैशाली आजाद सिंह तोमर और अभयखंड चौकी इंचार्ज राजकुमार चौहान व उनकी टीम को पांच हजार रुपये का इनाम की घोषणा की गई है।