उत्तरांचल कालोनी में रविवार सुबह बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अमूल दूध के डिस्टीब्यूटर को गनप्वाइंट पर लेकर दुकान से 1.38 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने डिस्ट्रीब्यूटर की पिटाई भी की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जौहरीपुर दिल्ली निवासी अमूल दूध के डिस्ट्रीब्यूटर सुनील शर्मा की लोनी की उत्तरांचल कालोनी में दुकान है। रविवार सुबह साढे़ पांच बजे वह दुकानदारों को दूध देकर रुपये गिन रहे थे, तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे।
इनमें से दो बदमाशों ने उनके सीने और कनपटी पर तमंचे लगा दिया जबकि तीसरे बदमाश ने लड़की की आवाज में उनसे रुपयों की मांग की। विरोध करने में बदमाशों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई करने के बाद बदमाशों ने गल्ले में रखे 1.38 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से भाग निकले।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। लोनी बार्डर थाना एसएचओ ध्रुव भूषण का कहना है कि वारदात स्थल का मौका मुआयना किया गया है। प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसएचओ ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में भी घटना होने की बात सामने नहीं आ रही है। हालांकि घटना हुई है तो बदमाशों को जल्द ही पकड़ा जाएगा।